इटावा। इटावा जनपद के भरथना में कुछ वर्षों में शिक्षा जगत एक अलग ही पहचान बनाने पर शिक्षा के क्षेत्र में अपने विशिष्ट और सराहनीय योगदान के लिए कन्नौज के पूर्व सांसद एवं दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप यादव के बड़े पुत्र, पुष्पेंद्र कुमार यादव उर्फ रिंकू को दिल्ली में डॉक्टरेट (PHD) की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित इण्डिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित ‘वर्ल्ड रिसर्च कॉन्क्लेव एवं दीक्षांत समारोह’ के दौरान प्रदान किया गया। पुष्पेंद्र यादव ने शिक्षा के प्रसार और गुणवत्ता में सुधार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसके लिए उन्हें यह विशिष्ट पहचान मिली है।
पुष्पेंद्र कुमार यादव पूर्व में के. के. डिग्री कॉलेज, इटावा के छात्र संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं, और वर्तमान में कैप्टन विशाल सिंह इंटर एवं डिग्री कॉलेज के प्रबंधक का दायित्व संभाल रहे हैं। शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और नेतृत्व क्षमता को इस मानद उपाधि के माध्यम से सम्मानित किया गया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बाद, भरथना, इटावा और दिबियापुर क्षेत्र के विशिष्ट नागरिकों, समाजसेवियों, तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और अध्यापकों द्वारा उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने इस सम्मान को समूचे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया है।
शिक्षा के प्रसार में विशिष्ट योगदान पर पुष्पेंद्र यादव रिंकू को दिल्ली में मिली मानद डॉक्टरेट उपाधि
