इटावा, 07 अक्टूबर। ‘25 साल जनसेवा से राष्ट्र सेवा’ एवं ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नुमाइश पंडाल में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोसेवा आयोग के सदस्य एवं सदर विधायक सरिता भदौरिया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ नुमाइश मैदान स्थित शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद नुमाइश पंडाल में सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई। उपस्थित जनसमूह ने सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
रंगोली और नुक्कड़ नाटक ने दिया जनजागरूकता का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत नुमाइश मैदान में आकर्षक भव्य रंगोली भी बनाई गई। इसमें सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। वहीं कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक जागरूकता और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता में सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया। नुमाइश पंडाल से शुरू हुई यात्रा पक्का तालाब चौराहा, पुरबिया टोला और नौरंगाबाद होते हुए शास्त्री चौराहा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के पूरे मार्ग में लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। यात्रा में उमड़ी भीड़ ने अभियान के प्रति लोगों के उत्साह और सहभागिता को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद राम शंकर कठेरिया, प्रेमदास कठेरिया एवं रघुराज शाक्य, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, संजीव राजपूत एवं अजय धाकरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
