मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सैफई पहुंचे राजभवन कर्मी राममणि यादव ने सांसद आदित्य यादव व विधायक तेज प्रताप यादव की मौजूदगी में भेंट किया नेताजी का चित्र, 500 जरूरतमंदों को बांटे कंबल

सैफई (इटावा) : समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को सैफई में श्रद्धा का एक अलग ही रूप देखने को मिला। लखनऊ से पहुंचे राजभवन में कार्यरत राममणि यादव एवं दिनेश गौतम नेताजी मुलायम सिंह यादव को भगवान का स्वरूप मानते हैं। उनके घर में पिछले पांच वर्षों से नेताजी का मंदिर स्थापित है और परिवार के सभी सदस्य प्रतिदिन उनकी पूजा करते हैं। जयंती पर सैफई पहुंचे राममणि ने सांसद आदित्य यादव, विधायक तेज प्रताप यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव की मौजूदगी में नेताजी का चित्र भेंट किया और 500 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद अपने निजी खर्च से लखनऊ में नेताजी का भव्य मंदिर बनवाने का संकल्प भी दोहराया।


राममणि यादव ने बताया कि नेताजी के प्रति उनकी आस्था केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि व्यक्तिगत श्रद्धा का विषय है। पिछले पांच वर्षों से उनके घर में नेताजी का मंदिर बना हुआ है। परिवार का प्रत्येक सदस्य प्रतिदिन पूजा करता है और पूजा के बाद ही चाय-पानी ग्रहण करता है। उनका कहना है कि नेताजी के विचार और उनका जीवन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। राममणि यादव का संकल्प केवल मंदिर निर्माण तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद वह नेताजी के विचारों को प्रदेश और देश के गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उनकी इच्छा है कि प्रत्येक गांव और ग्राम सभा में नेताजी की प्रतिमा स्थापित हो। इसके लिए वह जीवनभर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने राजनीति में आने, किसी पार्टी या संगठन में पद लेने अथवा विधायक बनने की इच्छा से भी इन्कार किया। उनका कहना है कि नेताजी के विचारों का प्रचार-प्रसार ही उनके जीवन का उद्देश्य है।


उधर, मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सोशलिस्ट म्यूजियम परिसर स्थित समाधि स्थल पर सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। फूलों से सजे समाधि स्थल पर सांसद आदित्य यादव, विधायक तेज प्रताप यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव ने पुष्पांजलि अर्पित की। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी नेताजी को याद किया। इस दौरान जरूरतमंदों को सर्दी से राहत देने के लिए 500 कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पीडीए एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संयोजक अध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व अपर महाधिवक्ता राज बहादुर यादव, शिक्षक संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद यादव, श्रीकृष्ण यादव, उदय प्रताप सिंह, कैप्टन अशोक यादव, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, प्रधान अखिलेश वर्मा, संतराम यादव, रामविलास यादव, सुनील यादव, भाई दिनेश और एडवोकेट यदुवीर सिंह उर्फ जॉनी यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *