इटावा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर इटावा पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने जिले की महिलाओं से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया। महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। डॉ. चौहान ने स्पष्ट किया कि महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना ही नहीं, बल्कि उन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने बताया कि आयोग को लगातार विभिन्न जनपदों से महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर भेदभाव और अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इटावा में भी महिलाओं ने खुले मंच पर अपनी बातें रखीं, जिनमें से कई मामलों को तत्काल संज्ञान में लिया गया। सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में डॉ. चौहान ने ज़िले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महिला संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि महिला कल्याण की सभी योजनाओं जैसे महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला शक्ति केंद्र आदि का लाभ जन-जन तक पहुंचे, इसके लिए ज़मीनी स्तर पर मजबूत प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग महिलाओं को केवल सहायता ही नहीं देता बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने का भी काम करता है। उन्होंने यह बात दोहराई कि महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बबीता चौहान ने कहा कि इटावा की महिलाओं ने बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं साझा की हैं। हमने हर मुद्दे को गंभीरता से सुना है और सभी मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हमारा उद्देश्य है कि हर महिला सुरक्षित, जागरूक और सशक्त हो। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। हमारे विभाग से संबंधित सभी अधिकारी यहां मौजूद है, जो भी महिलाओं की समस्या होगी उनका निस्तारण किया जायेगा। डॉ. चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महिला आयोग राज्य के हर जिले में जाकर महिलाओं की ज़मीनी स्थिति को समझ रहा है और सरकार को नीतिगत सुझाव भी दे रहा है ताकि समाज में महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
उo प्रo राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने महिलाओं की समस्या सुन समाधान का दिलाया भरोसा
