ताखा,इटावा। ताखा तहसील क्षेत्र के लेखपालों ने आज उप जिलाधिकारी ताखा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनपद फतेहपुर में 2024 बैच के लेखपाल सुधीर कुमार की आत्महत्या को “अधिकारियों की संवेदनहीनता, लगातार फटकार और निलंबन-अवकाश न मिलने के दबाव” से प्रेरित बताया गया है। लेखपालों ने इसे सीधी-सादी आत्महत्या नहीं, बल्कि “असंवेदनशीलता द्वारा कारित हत्या” करार दिया है।ज्ञापन के अनुसार सुधीर कुमार की शादी 26 नवंबर 2025 को तय थी। वे लगातार शादी की छुट्टी मांग रहे थे, लेकिन तहसील अधिकारियों ने एसआईआर ड्यूटी का हवाला देकर छुट्टी नहीं दी। 22 नवंबर को एसआईआर बैठक में अनुपस्थित रहने पर ईआरओ संजय कुमार सक्सेना ने उन्हें निलंबित करवा दिया।25 नवंबर की सुबह राजस्व निरीक्षक शिवराम उनके घर पहुंचे और डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार सक्सेना का संदेश दिया कि “एसआईआर व अन्य कार्य पूरा कर दो या पैसे देकर किसी और से करवा लो, वरना निलंबन के बाद सेवा ही समाप्त कर दी जाएगी।” लगातार मानसिक दबाव, छुट्टी न मिलना, निलंबन और बर्खास्तगी की धमकी से पहले से डिप्रेशन में चल रहे सुधीर कुमार ने उसी दिन आत्महत्या कर ली। इससे एक साथ दो परिवार उजड़ गए।लेखपालों ने आरोप लगाया कि मृतक की बहन द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के लिए दिए गए प्रार्थना-पत्र के बावजूद 30 घंटे तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। अंततः 26 नवंबर को प्रशासन ने कथित तौर पर परिजनों की तहरीर बदलवाकर एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें मुख्य आरोपी संजय कुमार सक्सेना (पीसीएस) का नाम हटा दिया गया और केवल राजस्व निरीक्षक के खिलाफ नामजद मुकदमा लिखा गया। लेखपाल संघ इसे “प्रशासन द्वारा केस को जानबूझकर कमजोर करने की साजिश” बता रहा है।इस घटना से पूरे प्रदेश के लेखपालों में भय और आक्रोश का माहौल है। ज्ञापन के माध्यम से लेखपालों ने मुख्यमंत्री से निम्न मांगें की हैंः मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच,दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर और सख्त कार्रवाई,मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं नौकरी,लेखपालों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर रोक।ज्ञापन सौंपने वालों में ताखा तहसील के दर्जनों लेखपाल मौजूद रहे। प्रदेश के अन्य जनपदों से भी लेखपाल संघ इस मामले में एकजुटता दिखा रहा है और आगे बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दे रहा है।
एसडीएम को लेखपालों ने सौंपा सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा
