यूपी,एमपी-राजस्थान समेत कई राज्यों को जोड़ने वाले पुल पर जाम

जसवंतनगर,इटावा। उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश राजस्थान और कई जिलों—आगरा, मैनपुरी, धौलपुर, इटावा को जोड़ने वाले कचौरा घाट बाईपास मार्ग पर स्थित भोगनीपुर गंग नहर पुल की संकरी चौड़ाई शुक्रवार को भारी अव्यवस्था का कारण बन गई। पुल पर अचानक बढ़े यातायात दबाव के चलते सुबह से दोपहर तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। जसवंतनगर बाजार, नेशनल हाइवे और आसपास के सैकड़ों गांवों से आने-जाने वाले लोगों को चार से पाँच घंटे तक फंसे रहना पड़ा। संकरी पुल पर बड़े वाहनों के आमने-सामने आ जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे स्कूली वाहनों समेत सभी लोग बुरी तरह प्रभावित हुए।
राष्ट्रीय राजमार्ग से आगरा वमध्य प्रदेश, राजस्थान के धौलपुर की ओर जाने वाले ट्रक, डम्पर और भारी वाहनों की लंबी कतारें कई किलोमीटर तक खिंच गईं। वहीं आगरा से कानपुर, और मैनपुरी की दिशा में जा रहे ट्रक भी उसी जाम में फंस गए। स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों को मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भारी वाहनों को एक-एक कर निकालने में पुलिस बल और स्थानीय लोग जुटे रहे। गर्मी और धूल के बीच पुलिसकर्मी भी थकान से चूर हो गए, लेकिन जाम को पूरी तरह खत्म होने में लगभग तीन से चार घंटे लग गए।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ी। सुबह की स्कूल वैन और दोपहर बाद छुट्टी के समय बच्चों से भरी बसें जाम में फंस गईं। कई बच्चे घंटों तक गर्मी में बैठे रहे। अभिभावकों को भी अपने बच्चों के देर से पहुंचने की चिंता सताती रही। बाजार जाने वाले व्यापारी, मरीजों को लेकर जा रहे वाहन और नौकरी पर जाने वाले लोग भी जाम में फंसकर लंबे समय तक परेशान होते रहे। कई लोगों ने बताया कि नहर पुल के सकरा होने के कारण अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम अब तक नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों आलोक, मोहन, कल्लू, विकाश, आशीष, बबलू, सनी,दीपक, अभिषेक, राजू और व्यापारियों का कहना है कि भोगनीपुर गंग नहर पुल लंबे समय से चौड़ीकरण की मांग को लेकर चर्चा में है, लेकिन कार्य शुरू न होने से रोजाना परेशानी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि सहालग और त्योहारों के दौरान जाम कई-कई घंटे तक लगता है, जिससे आम जनता त्रस्त रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पुल को चौड़ा करने, वैकल्पिक मार्ग तैयार करने या यहां ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में भोगनी पुर गंग नहर के जेई महिपाल सिंह ने बताया कि नया पुल बनाने के लिए प्रस्ताव गया हुआ है जैसे ही पारित हो कर आएगा वैसे ही नए पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *