जसवंतनगर,इटावा। प्रदेश सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई बिजली बिल राहत योजना का लाभ अब तेजी से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचने लगा है। उपखंड अधिकारी आनंदपाल सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस बार सरकार ने बकाया बिजली बिलों के मूलधन पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की है। उन्होंने कहा कि योजना का मकसद उपभोक्ताओं को पुराने देयों से राहत दिलाना और बिजली विभाग की राजस्व वसूली को सुगम बनाना है।
एसडीओ ने बताया कि ग्राम कुरसेना निवासी फिरोज अली इसका बड़ा उदाहरण हैं। उनका बिजली बिल 3 लाख 15 हजार रुपये से अधिक बकाया था। योजना के तहत निपटान करने पर उन्हें लगभग 2 लाख 26 हजार रुपये की भारी छूट मिली। अंतिम समाधान के बाद उन्हें केवल 90 हजार रुपये जमा करने पड़े। विभाग ने समय पर बिल समाधान कराने पर फिरोज अली को सम्मानित किया और माल्यार्पण कर योजना का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प जताया।
उन्होंने बताया कि बिजली बिल समाधान योजना को तीन चरणों में लागू किया गया है।
पहला चरण: 1 दिसंबर से 31 दिसंबर
दूसरा चरण: 1 जनवरी से 31 जनवरी
तीसरा चरण: 1 फरवरी से 28 फरवरी
उपखंड अधिकारी ने साफ कहा कि “जो पहले आएगा, वही अधिक छूट पाएगा,” इसलिए उपभोक्ताओं को विलंब न करते हुए तुरंत अपना रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभागीय टीमें लगातार कैंप लगाकर उपभोक्ताओं को योजना के लाभों से अवगत करा रही हैं। मौके पर कौशल पांडे सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
बिजली बिल राहत योजना से ग्रामीणों को बड़ा फायदा
