इटावा,। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के ‘विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम’ का भव्य शुभारंभ मंगलवार को कर्म क्षेत्र महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

युवाओं को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन युवाओं ने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, उनका नाम मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) में होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि मतदाता बनने के लिए भारत का नागरिक होना और 18 वर्ष की आयु पूर्ण करना आवश्यक शर्तें हैं। उन्होंने युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है। सभी पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर अपना नाम सूची में दर्ज कराएं।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड दोनों ही महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं उपस्थित होकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं को फॉर्म-6 वितरित किए और उन्हें मतदान के महत्व के बारे में समझाया।
पुनरीक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी (सदर) विक्रम सिंह राघव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, प्राचार्य प्रोफेसर महेंद्र सिंह, तहसीलदार सदर राजकुमार सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मचारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
