इटावा। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा और बिना नंबर की कार बरामद हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक अपनी टीम के साथ सुनवर्षा अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बरोख की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार हुंडई एक्सेंट कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी और भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की, तो बदमाशों ने उरैन गांव के पास पुनः फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से अभियुक्त प्रवीण उर्फ मंगल यादव उर्फ सुनील कुमार (निवासी हरचन्द्रपुरा, सिविल लाइन) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
पकड़ा गया अभियुक्त प्रवीण एक शातिर हिस्ट्रीशीटर (HS No-123 A) है। पुलिस के अनुसार, इसके विरुद्ध इटावा, औरैया, कानपुर देहात, फिरोजाबाद, उन्नाव, गौतमबुद्ध नगर और हरियाणा के सिरसा जैसे विभिन्न जनपदों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस और धोखाधड़ी जैसे कुल 24 गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।जिसमें 01 फैक्ट्री मेड राइफल (315 बोर),04 खोखा कारतूस व 06 जिंदा कारतूस (315 बोर),01 हुंडई एक्सेंट कार (बिना नंबर प्लेट, घटना में प्रयुक्त),01 मोबाइल फोन शामिल है।
घटना में प्रयुक्त कार को पुलिस ने धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
सफल कार्यवाही करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विपिन मलिक के साथ उप-निरीक्षक स्वदेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजीव, गजेंद्र कुमार और कांस्टेबल सतीश कसाना, रवि पंवार, विजय कुशवाहा, संजय व शुभम सैनी शामिल रहे। उच्चाधिकारियों ने पुलिस टीम की इस तत्परता की सराहना की है।
