इटावा। जनपद में 13 जनवरी को होने वाला मशहूर हरियाणवी सिंगर रेणुका पंवार का स्टेज शो जिला प्रशासन द्वारा अनुमति (परमिशन) न दिए जाने के कारण ऐन वक्त पर निरस्त हो गया। कार्यक्रम रद्द होने से आयोजकों को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, टिकट के पैसे वापस न मिलने पर आक्रोशित छात्रों ने जमकर हंगामा भी किया।
शो निरस्त होने की खबर मिलते ही कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र भड़क गए। टिकट के पैसों की वापसी को लेकर छात्रों ने काफी उपद्रव किया। स्थिति को संभालते हुए आयोजकों ने छात्रों को उनके टिकट के पैसे लौटाना शुरू किया। इसी क्रम में कॉलेज के छात्रों को कुल 35,800 रुपए की धनराशि वापस सौंपी गई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

बड़े स्तर पर स्टेज शो न हो पाने के कारण रेणुका पंवार ने शहर के ‘अतिथि होटल’ में एक संक्षिप्त कार्यक्रम में शिरकत की। यहाँ सिंगर ने कुछ चुनिंदा लोगों को सम्मानित किया। इस दौरान उनके प्रशंसक उन्हें अपने बीच पाकर उत्साहित दिखे, हालांकि भव्य शो न होने का मलाल सभी के चेहरों पर साफ नजर आया।

प्रशासन पर जानबूझकर बाधा डालने का आरोप
कार्यक्रम के आयोजक और ’सात फेरे’ इवेंट के चेयरमैन मनोज कुमार ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा:
”हमने कार्यक्रम के लिए कई दिन पहले ही आवेदन कर दिया था, लेकिन प्रशासन ने जानबूझकर अंतिम समय में परमिशन देने से इनकार किया। इससे हमें लाखों का नुकसान हुआ है। हम सभी दर्शकों के टिकट के पैसे वापस कर रहे हैं।”
मनोज कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन के इस रवैये के कारण इटावा के कला प्रेमियों को एक बेहतरीन सांस्कृतिक संध्या से वंचित रहना पड़ा।
