इटावा। शुक्रवार को कृषि भवन स्थित सभागार में इफको (IFFCO) द्वारा नैनो उर्वरकों पर आधारित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के कृषि विभाग के अधिकारियों को नैनो तकनीक और इसके प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप कृषि निदेशक आर. एन. सिंह ने गिरते मृदा स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों को संतुलित खाद प्रबंधन के लिए जागरूक करें। श्री सिंह ने कहा, “मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए रासायनिक खादों के साथ हरी और कार्बनिक खादों का संतुलित उपयोग अनिवार्य है। नैनो उर्वरक इस दिशा में एक क्रांतिकारी कदम हैं।”
मुख्य अतिथि इफको लखनऊ के उप महाप्रबंधक जसवीर सिंह ने नैनो यूरिया प्लस, नैनो डी.ए.पी., नैनो जिंक और नैनो कॉपर के प्रयोग की तकनीकी बारीकियां समझाईं। उन्होंने आह्वान किया कि किसान नवीनतम कृषि तकनीक अपनाकर खेती की लागत को कम करें और बेहतर उत्पादन प्राप्त करें।
इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ पाण्डेय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 85 कृषि विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान ड्रोन तकनीक और खाद्य सुरक्षा पर भी चर्चा हुई।
इस कार्यक्रम में शिवम (अपर जिला कृषि अधिकारी, इटावा)
उमाशंकर (एस.एफ.ए. इफको, इटावा),अनिल कुमार (इफको बाजार, इटावा),अनूप कुमार (ड्रोन उद्यमी) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ पाण्डेय द्वारा किया गया।
