इटावा स्थित पांकुनवर इंटरनेशनल स्कूल में आज एक शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. शालिनी मिश्रा जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण विधियों, प्रभावी कक्षा प्रबंधन तथा व्यवहारिक शिक्षण कौशल से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चन्द्र यादव एवं प्रधानाचार्य अरविन्द कुमार तोमर ने मुख्य अतिथि डॉ. शालिनी मिश्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यशाला में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। डॉ. शालिनी मिश्रा जी ने विभिन्न गतिविधियों, शिक्षण सिद्धांतों एवं व्याख्यानों के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा प्रबंधन (Classroom Management) के व्यावहारिक पक्ष पर विस्तृत चर्चा की और बताया कि एक प्रभावी शिक्षक कैसे विद्यार्थियों की सहभागिता और अनुशासन को संतुलित कर सकता है।
डॉ. मिश्रा जी के मूल्यवान विचारों और अनुभवों से शिक्षकों को शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने की नई दिशा प्राप्त हुई। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिससे संवादात्मक वातावरण बना रहा। विद्यालय के प्रतिभाशाली शिक्षकों की कार्यशैली से प्रभावित होकर डॉ. शालिनी मिश्रा जी ने विद्यालय परिवार की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने डॉ. शालिनी मिश्रा जी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार की प्रशिक्षण कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। यह कार्यशाला शिक्षकों के व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।
