सैफई इमरजेंसी:ट्रॉमा संकट मोचन नेटवर्क शुरू

सैफई,इटावा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदृष्टि एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई ने राज्य में इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए “आपातकालीन एवं आघात संकट मोचन नेटवर्क” का शुभारंभ कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने किया।
कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आसपास के जिला कन्नौज,फर्रुखाबाद, मैनपुरी,इटावा के दूरस्थ, ग्रामीण एवं सीमित संसाधन वाले क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को चौबीसों घंटे विशेषज्ञ मार्गदर्शन, परामर्श और त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है,ताकि गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ,प्रभावी और त्वरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है,जो संकट की घड़ी में मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध होगा।

“इमरजेंसी एवं ट्रॉमा संकटमोचन नेटवर्क”क्या है

संकटमोचन नेटवर्क व्हाट्सएप आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित होगा, जो आपातकालीन एवं आघात के मामलों में रियल-टाइम कम्युनिकेशन, तत्काल विशेषज्ञ सलाह और शीघ्र निर्णय लेने की सुविधा प्रदान करेगा। यह तकनीकी पहल अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और तृतीयक स्तर के विशेषज्ञ केंद्रों के बीच की दूरी को कम करते हुए बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगी।
नैदानिक सहायता के साथ-साथ इस नेटवर्क में प्रशिक्षण एवं कौशल विकास पर भी विशेष बल दिया जाएगा। नेटवर्क से जुड़े चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अद्यतन आपातकालीन एवं आघात प्रबंधन प्रोटोकॉल, केस-आधारित चर्चाओं, ज्ञान साझाकरण सत्रों और नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता और रोगी देखभाल की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होगा।

आपातकालीन एवं आघात संकटमोचन नेटवर्क”का शुभारंभ उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा वितरण में नवाचार,क्षमता निर्माण और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में यूपीयूएमएस सैफई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *