जसवंतनगर,इटावा।
जसवंतनगर में मंगलवार को यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का लखनऊ से आई कायाकल्प टीम ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान केंद्र द्वारा मरीज को दी जा रही सुविधाओं से टीम संतुष्ट दिखी। इसी के साथ ही निरीक्षण टीम ने केंद्र अधीक्षक डॉ.वीरेंद्र सिंह को अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को और बेहतर सुविधायें देने के निर्देश दिए। कायाकल्प टीम के डॉ. जफिशा रेहमान,डॉ. शाने आलम तथा डॉ. रिहान बेग ने सीएचसी पहुंचकर ओपीडी, प्रसव कक्ष और पैथोलॉजी लैब का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और ओपीडी में आए लोगों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा समस्याओं को समझने का प्रयास किया। हालांकि पैथोलॉजी लैब में कुछ अव्यवस्थाएं सामने आईं।जिस पर टीम ने निर्देश दिए कि लैब के बाहर स्पष्ट सूचना पट्ट लगाए व मरीजों के पर्चे बाहर से ही जमा कराए जाएं और अंदर केवल जांच की प्रक्रिया संचालित हो। जांच रजिस्ट्रेशन व रिपोर्ट वितरण के लिए अलग-अलग विंडो की व्यवस्था हो ताकि मरीजों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर डॉ.विकास,भूपेंद्र सिंह यादव,मोहम्मद आसिफ, रज्जाक हुसैन सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
कायाकल्प लखनऊ टीम ने सीएचसी का किया निरीक्षण
