इटावा, 18 फरवरी 2026। मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 22 फरवरी को जनपद में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि 1 जनवरी से अब तक विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया जाए। इसमें समूह, आंगनवाड़ी सहायिका, पेंशन, जननी सुरक्षा योजना, पशुपालन विभाग द्वारा संरक्षित व टीकाकृत पशु, दिव्यांगजनों को वितरित उपकरण, मोतियाबिंद सर्जरी, टीबी मरीजों की पहचान, फैमिली आईडी, फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना तथा किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि इटावा से अधिक से अधिक संख्या में लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे जनपद का नाम रोशन हो। शिविर में लाभार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। कोई भी वाहन कार्यक्रम स्थल के अंदर खड़ा नहीं होगा, सभी वाहन कलेक्ट्रेट व एसएसपी कार्यालय परिसर में पार्क किए जाएंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आगंतुकों के नाम एवं संभावित संख्या पूर्व में उपलब्ध कराएं। शिविर में 60 से 65 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगभग 30 स्टॉल तथा अन्य विभागों द्वारा 30 से 35 स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रत्येक विभाग अपने स्टॉल पर विभागीय योजनाओं के मॉडल प्रदर्शित करेगा। विभागीय बैनर स्टॉल के अंदर तथा मुख्य बैनर बाहर लगाया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग 250 से 300 लोगों की उपस्थिति संभावित है।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित व्यक्तियों का डेटा फीड करें तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक विभाग कम से कम पांच लाभार्थियों को, जिन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया है, शिविर में सम्मानित करेगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किया जा रहा है।
बैठक में जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप कृषि निदेशक आर.एन. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
