संस्कार प्ले स्कूल में वार्षिक परीक्षाफल घोषित, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

जसवंतनगर (इटावा)। नगर के प्रतिष्ठित संस्कार प्ले स्कूल में वार्षिक परीक्षाफल घोषित करते हुए सर्टिफिकेट एवं पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड एवं सर्टिफिकेट प्रदान करते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने उपस्थित अभिभावकों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा अनाथ एवं असहाय बच्चों के लिए संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना व स्पॉन्सरशिप की विस्तृत जानकारी देते हुए जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।
संस्थान के निदेशक रोहित जैन एवं मोनिका जैन ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई।
विद्यालय के प्रबन्धक बृजेश यादव एवं प्रधानाचार्य मोनिका मिश्रा ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं तान्या सैनी, ऋचा जैन, प्रियांशी गुप्ता, निहारिका गुप्ता, मुस्कान शर्मा, रेखा अग्रवाल का विशेष योगदान रहा जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने बेहतर परिणाम प्राप्त किए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *