सीबीएसई “हैप्पी क्लासरूम” प्रशिक्षण का सफल आयोजन, शिक्षकों ने सीखे प्रभावी शिक्षण के नए आयाम

इटावा।पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल इटावा में सीबीएसई द्वारा आयोजित “हैप्पी क्लासरूम” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस प्रशिक्षण में प्रमुख संसाधन व्यक्तियों के रूप में श्री आलोक विरमानी जी (प्रधानाचार्य, द सैपियंस स्कूल, झांसी) एवं श्री रूबेन कुरियन मैथ्यू (ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल, झांसी) उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने अपने अनुभवों एवं ज्ञान के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराया।


प्रशिक्षण के दौरान यह बताया गया कि किस प्रकार कक्षा के वातावरण को सकारात्मक एवं आनंदमय बनाया जा सकता है, जिससे विद्यार्थी न केवल पढ़ाई में रुचि लें, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को भी उत्साहपूर्वक अपनाएं। विभिन्न गतिविधियों, संवादात्मक सत्रों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को यह समझाया गया कि किस प्रकार शिक्षण को और अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाया जा सकता है।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव जी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि “हम और हमारा विद्यालय परिवार हमेशा बच्चों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करता है तथा उन्हें हर संभव मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अरविंद कुमार तोमर जी ने इटावा जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए सभी शिक्षकों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा का प्रसार हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने में प्रत्येक शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में इटावा के विभिन्न विद्यालयों के अनेक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों में सीखने का उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। यह प्रशिक्षण न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि शिक्षण के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *