इटावा। शहर के विजयनगर स्थित ज्ञानस्थली अकादमी में शुक्रवार को कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा नौवीं तक के छात्राओं के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्ञानस्थली ग्रुप के चेयरमेन एवं पूर्व विधायक शिवप्रसाद सिंह यादव रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.पी. सिंह ने मुख्य अतिथि का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

तत्पश्चात परीक्षा परिणाम घोषणा कार्यक्रम विधिवत प्रारंभ हुआ। सर्वप्रथम नर्सरी कक्षा के परिणाम घोषित किए गए, जिसके बाद क्रमशः कक्षा एक से लेकर नौवीं तक के परिणाम घोषित किए गए। इस दौरान प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय के चेयरमैन एवं प्रधानाचार्य द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अभिभावकों एवं शिक्षकों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने छात्राओं की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
