इटावा, 04 अप्रैल 2026। सोशल मीडिया पर पुलिस वाहन के साथ अनधिकृत रूप से रील/वीडियो बनाकर प्रसारित करने वाले एक युवक को इटावा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना बकेवर पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया सेल द्वारा विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान थाना बकेवर क्षेत्र का एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक पुलिस के सरकारी वाहन में बिना अनुमति प्रवेश कर उस पर बैठकर रील बना रहा था। वीडियो में आपत्तिजनक एवं भ्रामक ऑडियो का प्रयोग कर पुलिस की छवि धूमिल करने का प्रयास भी किया गया, जिससे आमजन में गलत संदेश प्रसारित हो रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बकेवर पुलिस ने जांच कर आरोपी की पहचान रूद्र प्रताप पुत्र सतेंद्र सिंह निवासी महावीर पुरम, कल्याणपुर, थाना कल्याणपुर, जनपद कानपुर नगर के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 87/2026 धारा 356 बीएनएस एवं 66E आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बकेवर विपिन कुमार मलिक व उनकी टीम की प्रमुख भूमिका रही।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पुलिस वाहनों एवं अन्य सरकारी संसाधनों का अनधिकृत उपयोग न करें तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की रील या वीडियो बनाते समय कानून और सामाजिक मर्यादाओं का पालन करें। साथ ही भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
