नववर्ष पर दरियादिली: सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने गरीबों को बांटे कंबल, खिले चेहरे

इटावा। नए साल के पहले दिन जहां लोग जश्न में डूबे रहे, वहीं इटावा के समाजवादी पार्टी सांसद जितेंद्र दोहरे ने गरीब और असहाय लोगों के बीच पहुंचकर उनके साल की शुरुआत को सुनहरा बना दिया। शहर के एस.डी. फील्ड स्थित सपा नेता लाखन सिंह जाटव के आवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सांसद ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।

​कड़ाके की ठंड को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 100 गरीब और बेसहारा लोगों को कंबल दिए गए। गर्म कंबल हाथ में आते ही बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने सांसद की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

​कार्यक्रम के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद जितेंद्र दोहरे ने सभी जनपदवासियों को नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा, “आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की खुशहाली के लिए आप सभी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करें।”

​सपा सांसद ने उत्तर प्रदेश की राजनीति और हाल ही में ब्राह्मण विधायकों की चर्चाओं पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में ब्राह्मण समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है और भाजपा की नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुका है। दोहरे ने विश्वास जताया कि 2027 में ब्राह्मण मतदाता एकजुट होकर अखिलेश यादव के पक्ष में मतदान करेंगे और उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे।

​इस अवसर पर पूर्व विधान सभा प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, सपा नेता लाखन सिंह जाटव, अल्ताफ अहमद,सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *