इटावा ।इकदिल कस्बा ओवरब्रिज के नीचे रविवार शाम दुकान बंद करके घर जा रहे बुलेट सवार पिता-पुत्र को तेज रफ्तार दूध की लोडर पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम रितौर निवासी 50 वर्षीय विवेक उर्फ छुट्टन तिवारी पुत्र महेश तिवारी की इकदिल कस्बा में स्टेशन रोड पर सर्राफ की दुकान है। रविवार शाम अपने 20 वर्षीय पुत्र लालजी तिवारी के साथ दुकान बंद करके बुलेट बाइक से ओवर ब्रिज के नीचे सब्जी खरीदकर घर जा रहे थे। तभी बकेवर की तरफ से आयी तेज रफ्तार दूध की पिकअप ने उनकी बुलेट बाइक में सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र दोनों उछलकर सड़क पर दूर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों को अस्पताल भिजवाया। जहां इमरजेंसी डाक्टर शिवम राजपूत ने चिकित्सीय परीक्षण के दौरान विवेक तिवारी के सिर में चोट आने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया जबकि उनके पुत्र लालजी को हल्की फुल्की चोट आने पर उसको प्राथमिक उपचार किया। इधर विवेक तिवारी की मौत की खबर सुनकर स्वजन में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप को पकड़ लिया जबकि चालक मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज के पास वाहनों की अनियंत्रित गति अक्सर हादसों का कारण बनती है।
पिकअप की टक्कर से बुलेट सवार पिता की मौत, पुत्र घायल
