जसवंतनगर,इटावा।जसवंतनगर थाना पुलिस ने फायरिंग करने वाले अपराधी रोहित को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में अपराधी रोहित पुत्र कलक्टर सिंह को गिरफ्तार किया है। रोहित को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ पकड़ा गया है। बताया गया है कि रोहित व रुचिन ने एक महिला पार्वती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे घायल कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि ग्राम नगला केशों निवासी एक महिला पार्वती पति नीरज कुमार के ऊपर रोहित और रुचिन पुत्रगण कलक्टर सिंह निवासी मोहल्ला गुलाबबाड़ी जसवंतनगर ने शुक्रवार करीब साढ़े नौ बजे गाली गलौज करते हुए अवैध तमंचों से महिला के घर जाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिसमें पार्वती के सिर में गोली लग गई थी। पार्वती का इलाज सैफई पीजीआई में जारी है।
घायल महिला के पति नीरज कुमार ने गिरफ्तार रोहित और रुचिन के खिलाफ थाने में मामला विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कराया था। पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। यह गिरफ्तारी जसवंतनगर पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि है,और इससे अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को और मजबूती मिलेगी।