जल्दी होगी हिंदू राष्ट्र की घोषणा,श्री राम विजय यात्रा में बोलीं प्रज्ञा ठाकुर

इटावा। दशहरे के पावन अवसर पर, हिंदू सेवा समिति द्वारा 12वीं श्री राम विजय यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा की अगुवाई में प्रतिवर्ष निकलने वाली इस यात्रा में इस बार मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर और राष्ट्रवादी प्रवक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ भी शामिल हुए।

​अतिथियों ने किया यात्रा का शुभारंभ

​यात्रा का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सर्वप्रथम श्री राम रूपी राम दरबार की आरती करके किया गया। इस विशाल यात्रा में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा नगर राममय हो गया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसके बाद एक जनसभा का आयोजन किया गया, जहां प्रज्ञा ठाकुर और पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने लोगों को संबोधित किया।

​”भारत जल्द बनेगा हिंदू राष्ट्र”

​जनसभा के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने दशहरे के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “धर्म पर धर्म की जीत, असत्य पर सत्य की विजय आज का संदेश है। अधर्म जितना बढ़ेगा, हमारे प्रभु श्री राम अलग-अलग रूप में उस पर विजय करने के लिए तैयार हैं।”

​इटावा में हिंदुत्व के जागरण की प्रशंसा करते हुए, उन्होंने कहा, “हमारे श्री राम पूरी चेतना में रावण की आसुरी शक्तियों का वध करने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने हिंदू राष्ट्र के संकल्प पर ज़ोर देते हुए कहा कि “भारत हिन्दू राष्ट्र संकल्प है तो वो संकल्प पूर्ण होगा।” उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह भारत विश्वपटल पर विश्वगुरु के रूप में उभर रहा है, वह इसके संकेत हैं और “जल्दी हिंदू राष्ट्र की भी घोषणा हो जाएगी।”

​लद्दाख के समाजसेवी सोनम वांगचुक से जुड़े एक सवाल पर प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि “हमारा देश सुरक्षित रहे, कहीं भी देश में उपद्रवी पनप न पाएं, देश विरोधी जो शक्तियां हैं वो अपना प्रभाव न दिखा पाएं, इसके लिए हमारी सरकार वचनबद्ध है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *