जसवंतनगर,इटावा। नववर्ष के अवसर पर गुरुवार शाम को कोतवाली में आयोजित एक कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शीतकालीन मौसम के दृष्टिगत थाना क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रहरी चौकीदारों को कंबल और टॉर्च प्रदान किये। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की आगवानी करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह थानाध्यक्ष कमल भाटी ने पुष्पगुछ भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर जिले के पुलिस मुखिया ने ग्राम प्रहरी व ग्राम चौकीदारों से संवाद करते हुए उन्हें रात्रि गश्त,संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा गांवों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण स्तर पर पुलिस की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं,जिनकी सतर्कता से अपराध नियंत्रण में प्रभावी सहायता मिलती है। उन्होंने ग्राम प्रहरी व ग्राम चौकीदारों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने एवं जनसुरक्षा में सहयोग बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कार्यक्रम में सीओ सिटी अभय नारायण राय,सीओ सैफई केपी सिंह,सीओ भरथना आरडी मौर्या,सीओ चकरनगर अवनीश सिंह, इंस्पेक्टर थाना पछायगांव सुधीर कुमार थाना बलरई दिवाकर सरोज सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
