इटावा,। शहर के सौंदर्यकरण और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में रविवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया ने एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने गायत्री पार्क में आयोजित एक समारोह के दौरान जनपद के 11 प्रमुख पार्कों के जीर्णोद्धार, मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था कार्यों का विधि-विधान से भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर विधायक सरिता भदौरिया ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नगर पालिका इटावा के पार्कों के कायाकल्प के लिए 2 करोड़ 36 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इन पार्कों के सौंदर्यकरण, नवीन बाउंड्री वॉल, ट्रैक मरम्मत और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था का कार्य आवास विकास परिषद द्वारा संपन्न कराया जाएगा।
विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 10 दिनों के भीतर धरातल पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मिट्टी भराई और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द बेहतर वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख हैं राजेंद्र बहादुर, नगर मजिस्ट्रेट,संतोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका परिषद),आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता एवं अन्य जनप्रतिनिधि।
