इटावा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय में ‘कन्या जन्मोत्सव’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक सरिता भदौरिया उपस्थित रहीं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में नवजात कन्याओं और उनकी माताओं को सम्मानित कर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने अपने कर-कमलों से चिकित्सालय में जन्मी 16 नवजात कन्याओं को बेबी किट प्रदान की। इसके साथ ही धात्री माताओं (संध्या, काजल, वीनू देवी, रोशनी, सुषमा आदि) को ड्राई फ्रूट्स और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक ने कन्याओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने माताओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रोबेशन अधिकारी ने परिजनों को योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया और विभागीय पम्फलेट भी वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रीनू चौहान, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) डॉ. अनिल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष) डॉ. पारितोष शुक्ला और डॉ. यश्मिता सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जिला प्रोबेशन कार्यालय से अक्षय वर्मा, अजीत कुमार दुबे, अर्चना भदौरिया, धर्मेंद्र कुमार, संजीव कुमार, योगेंद्र सिंह, गौरव कुमार, अभिषेक वर्मा, सोनम चौधरी एवं जिला महिला चिकित्सालय के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
