इटावा, 06 अक्टूबर। इटावा सफारी पार्क में वन्य प्राणी सप्ताह के पांचवें दिन को ‘मेरी कल्पना का सफारी पार्क’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर सफारी पार्क में भाषण प्रतियोगिता, कहानी लेखन प्रतियोगिता एवं कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन जूनियर और सीनियर वर्ग में किया गया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 240 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के साथ सफारी पहुंचे अन्य छात्र-छात्राओं को भी इटावा सफारी पार्क का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने वन्यजीवों, प्रकृति और सफारी पार्क की गतिविधियों को करीब से देखा तथा वन्यजीव संरक्षण के प्रति जानकारी हासिल की।

सिम्बा और सुल्तान का मनाया गया 10वां जन्मदिन
वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान इटावा सफारी पार्क में एक खास अवसर भी देखने को मिला। 06 अक्टूबर 2016 को जन्मे सफारी पार्क के प्रथम शावक सिम्बा और सुल्तान का 10वां जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान सफारी पार्क में उत्साह का माहौल रहा।
सिम्बा और सुल्तान, शेरनी जेसिका और दिवंगत बब्बर शेर मनन की संतान हैं। दोनों शावकों के जन्म को इटावा सफारी पार्क के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जाता है।

