जसवंतनगर,इटावा। स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में सेक्टर-112 नोएडा स्थित मार्गश्री स्पेशल स्कूल एवं स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित राज्य स्तरीय साइकिलिंग ट्रायल/चयन प्रतियोगिता में इटावा जिले के जसवंतनगर विकासखंड के घनश्यामपुरा निवासी हरिकेश यादव का चयन राष्ट्रीय साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता 16 से 21 दिसम्बर 2025 तक बोकारो स्टील प्लांट, रांची (झारखंड) में आयोजित होगी। इसमें हरिकेश 2 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर साइकिल दौड़ में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले हरिकेश को अंतरराष्ट्रीय कोच एवं विशेष शिक्षक सत्यनारायण प्रसाद द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। उनके मार्गदर्शन में इटावा जिले के अनगिनत दिव्यांग खिलाड़ी पूर्व में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं। अब हरिकेश उन्हीं की देखरेख में राष्ट्रीय मंच पर उतरेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अर्चना सिन्हा, खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक राजेश जादौन सहित प्रहलाद कुमार ने हरिकेश के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
स्पेशल ओलंपिक में हरिकेश करेगा यूपी का प्रतिनिधित्व
