एग्री जंक्शन योजनान्तर्गत चयनित लाभार्थियों को 13 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

प्रेम कुमार शाक्य 

इटावा। पंजाब नेशनल बैंक किसान प्रशिक्षण केंद्र सैफई में कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना के अंतर्गत एग्री जंक्शन योजनान्तर्गत चयनित लाभार्थियों का 13 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। केंद्र निदेशक विपिन कुमार यादव के संयोजन में इस प्रशिक्षण में युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीक, विपणन, जैविक खेती और व्यवसाय प्रबंधन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र और बैग प्रदान किए गए।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप कृषि निदेशक आर.एन. सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित कृषि उद्यमी आज के समय में कृषि परिवर्तन के वाहक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने में भी सहायक होता है। सभी प्रशिक्षार्थियों से कहा कि वे इस ज्ञान का उपयोग कर एग्री जंक्शन केंद्रों के माध्यम से किसानों को बीज, खाद, दवा, तकनीकी सलाह और बाजार की जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने लाइसेंस प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था, ब्रांडेड बीज-खाद की बिक्री, स्टॉक और रेट बोर्ड का रखरखाव, तथा बायो प्रोडक्ट्स के प्रयोग जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
विशिष्ट अतिथि सामाजिक विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक है, बल्कि ग्रामीण समाज में कृषि जागरूकता और सतत विकास को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से अपील की है कि वे प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा दें किसानों को सहायक तकनीकी सलाह दें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करें।


इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों, विशेषकर अरविंद प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को लगातार व्यावहारिक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया। सभी प्रशिक्षणार्थियों को अपने क्षेत्रों में एग्री जंक्शन केंद्र स्थापित करने और किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन रवि कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *