इटावा। हाईवे पर इकदिल कस्बे की ओर जा रहे एक ऑटो में सवार बुजुर्ग दंपत्ति के बीच आपसी विवाद अचानक उग्र हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य, पीएलवी अधिकार मित्र रामसुंदर दुबे व लालमन बाथम लखना कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से जा रहे ऑटो में बुजुर्ग दंपत्ति के बीच झगड़ा और मारपीट होती दिखाई दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीनों ने तत्परता दिखाते हुए आगे जाकर ऑटो को इकदिल से पहले ही रुकवाया और दोनों को शांत कराने का प्रयास किया। पूछताछ में बुजुर्ग पुरुष ने बताया कि वह अपनी पत्नी को इंगुर्री गांव अपने घर लेकर जा रहे हैं, जबकि महिला ने आरोप लगाया कि उसे जबरन व धोखे से ले जाया जा रहा है। बुजुर्ग पुरुष ने बताया कि वकील साहब के यहां बातचीत के बाद अपने घर ले जा रहे हैं। मामले की सत्यता जानने के लिए संबंधित वकील से फोन पर बातचीत की गई, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट हुई। तीनों लोगों ने दंपत्ति को समझाया-बुझाया और आपसी सहमति से आगे के लिए रवाना किया।
इस दौरान बुजुर्ग महिला को सुरक्षा के मद्देनज़र हेल्पलाइन नंबर 1098, 112 व नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। वहीं बुजुर्ग पुरुष को भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट न करने की सख्त हिदायत दी गई। समय रहते हस्तक्षेप होने से संभावित बड़ी घटना टल गई और स्थिति शांतिपूर्वक नियंत्रित कर ली गई।
हाईवे पर चलते ऑटो में बुजुर्ग दंपत्ति में विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल
