इटावा । जीवन दायिनी स्वास्थ्य विभाग संघ 108/102 के प्रदेश अध्यक्ष शरद यादव ‘क्रांतिकारी’ ने प्रदेश की 108/102 एंबुलेंस सेवा में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2021 तक हजारों कर्मचारी 108/102 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत रहे। कोरोना काल में इन कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर प्रदेशवासियों की सेवा भी की, लेकिन इसके बावजूद वर्ष 2021 में लगभग 9000 कर्मचारियों को बेरोजगार कर दिया गया। तब से आज तक ये कर्मचारी बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।
शरद यादव ने कहा कि इन कर्मचारियों को देश के माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा कोरोना योद्धा के रूप में संबोधित किया था, लेकिन प्रदेश सरकार ने उन्हें सम्मान देने के बजाय बेरोजगार ही कर दिया। इससे हजारों परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि 108/102 एंबुलेंस सेवा को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी माना जाता है, लेकिन आज इसी सेवा से जुड़े कर्मचारी न्याय के लिए संघर्ष करने को मजबूर हो रहे हैं।
अब यदि एंबुलेंस कर्मचारियों की सम्मानपूर्वक पुनः बहाली नहीं की जाती है, तो आगामी 2 अक्टूबर से स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जी के आवास पर हमारा संगठन भूख हड़ताल शुरू करेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री जी की होगी।
