एस आई आर पुनरीक्षण 2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ डीएम ने की बैठक

इटावा। अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।


बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित बनाने के लिए मतदेय स्थलों पर नियुक्त बीएलओ (BLOs) के साथ-साथ राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए (BLA) का सहयोग आवश्यक है, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रह जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के नाम पहले से सूची में दर्ज हैं और वे स्थान परिवर्तन कराना चाहते हैं, उन्हें फार्म-8 भरना होगा, न कि फार्म-6।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में ‘नो मैपिंग’ मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिनकी सुनवाई 21 जनवरी 2026 से जारी है। साथ ही ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ के मामलों में भी निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नोटिस जनरेट किए जा रहे हैं। संबंधित मतदाताओं की सूची बीएलओ के पास उपलब्ध है तथा पंचायत भवनों, मतदान केंद्रों एवं वार्डों में भी प्रदर्शित की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 23 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक निस्तारित किए गए फार्मों की सूची प्रारूप-9, 10, 11, 11A एवं 11B जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। अब तक लगभग 86 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूर्ण हो चुकी है, जबकि करीब 30 से 36 हजार प्रकरण अभी लंबित हैं, जिनमें आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि लंबित मामलों के निस्तारण के लिए 27 मार्च 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है और सभी कार्यवाही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से की जाएगी। ‘नो मैपिंग’ मामलों में पाई गई त्रुटियों को सुधारा जाएगा तथा आवश्यकतानुसार नामों में संशोधन या विलोपन किया जाएगा। साथ ही मृत अथवा गलत दस्तावेज वाले मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी, सत्येंद्र राजपूत, उदयभान सिंह यादव, प्रदीप शाक्य ‘बबलू’, संजीव भदौरिया, मोहित जाटव, सुनील कुमार जाटव, संजीव शाक्य सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *