पीजीआई में आजीवन कारावास के कैदी का एडवांस्ड ओरल कैंसर का सफल ऑपरेशन 

सैफई,इटावा।उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के चिकित्सकों ने एक बार फिर अपनी चिकित्सीय दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी के एडवांस्ड ओरल मैलिग्नेंसी (कैंसर) का सफल ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी प्रदान की है। अत्यंत जटिल मानी जाने वाली इस सर्जरी को ईएनटी विभाग और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार संबंधित कैदी भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के अंतर्गत आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। चिकित्सकों ने बिना किसी भेदभाव के मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उसका उपचार किया।
ईएनटी विभाग के डॉ. तेजस्वी गुप्ता,डॉ.संजीव यादव, डॉ.वीरेंद्र एवं डॉ. स्वप्निल की टीम ने ऑपरेशन के दौरान सेगमेंटल मैंडिबुलेक्टॉमी और नेक डिसेक्शन की। इसके पश्चात प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉ.अतुल और डॉ.भूपेश ने फ्लैप तकनीक से जबड़े का पुनर्निर्माण किया। यह जटिल सर्जरी लगभग 8 घंटे तक चली।
ऑपरेशन के बाद मरीज को दो दिन आईसीयू में निगरानी में रखा गया, जिसके बाद उसे ईएनटी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर है और वह धीरे-धीरे सामान्य रूप से भोजन ग्रहण कर रहा है।
डॉ.तेजस्वी गुप्ता ने बताया कि मरीज लंबे समय से निचले जबड़े में बने अल्सर से परेशान था। जांच के दौरान की गई बायोप्सी में ओरल कैंसर की पुष्टि हुई, जिसके बाद विशेषज्ञ टीम ने योजना बनाकर सर्जरी की। उन्होंने इस सफलता के लिए ऑपरेशन थिएटर और वार्ड स्टाफ के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान जेल प्रशासन ने भी उपचार एवं सुरक्षा व्यवस्था में पूरा सहयोग दिया।
यूपीयूएमएस सैफई के कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने इस जटिल सर्जरी की सफलता पर ईएनटी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम को बधाई दी एवं ऐसे कई अन्य जटिल रोगों के उच्चतम श्रेणी के उपचार हेतु विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता ज़ाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *