विजयेंद्र तिमोरी
भरथना,इटावा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे बने शौचालय के टैंक में गिरकर तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के सम्बन्ध में टैंक बनाने वाली निर्माणाधीन संस्था डीबीएल की लापरवाही का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन संस्था ने टैंक बनाकर खुला छोड़ दिया था।
ऊसराहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को कुदरैल के समीप चैनल नंबर 289 के पास आम जनमानस की सुविधा हेतु बनाया गए सुविधा सुलूप शौचालय में कार्यरत सफाई कर्मी विजय पुत्र भगवान दीन निवासी गंगापुर बरस, मधुकरपुर,जनपद रायबरेली का तीन वर्षीय अबोध बेटा अर्पित अचानक खेलते समय शौचालय के पीछे बने टैंक में जा गिरा। टैंक की गहराई आठ फीट होने के कारण अर्पित उससे नहीं निकल पाया। इधर बालक के माता पिता अपने कार्य में व्यस्त थे,लेकिन अर्पित को सामने न पाकर उसकी खोजबीन शुरू की गई तो वह पीछे की ओर पहुंचे और शौचालय के टैंक में अर्पित को पड़ा देखा। जिसके बाद परिजनों में बुरी तरह कोहराम मच गया। कोहराम की चीख पुकार सुन आस पास के लोगों का हुजूम घटना स्थल पर पहुंच गया जिसके बाद आनन-फानन में अर्पित को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से भरथना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सक सैफ खान ने अर्पित को मृत घोषित कर दिया। इधर बालक की मौत की खबर सुनकर रायबरेली निवासी माता-पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुला हाल बना हुआ है।
मृतक के पिता विजय ने बताया कि बेटा कुत्ते के बच्चे के साथ खेल रहा था। कुत्ते का बच्चा टैंक की तरफ गया तो पीछे-पीछे वह भी चला गया और परिजनों को पता नहीं चला। जब तक पता चला तब तक उसकी मौत हो गई।
निर्माण के बाद से ही खुला पड़ा था टैंक
टोल प्लाजा मैनेजर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि टैंक का निर्माण करने वाली संस्था डीबीएल ने टैंक बनाकर खुला छोड़ दिया था। कई बार पत्राचार किया गया लेकिन लापरवाह संस्था ने टैंक को नहीं ढका। उन्होंने बताया कि जब से एक्सप्रेस-वे पर यह सुविधा सुलूप शौचालय खुला है तब से ही टैंक खुला पड़ा है।
