मतदाता जागरूकता क्विज प्रतियोगिता में 75 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, 10 विजेता सम्मानित

इटावा।आगामी विधानसभा चुनावों में युवा एवं भावी मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में मतदाता साक्षरता क्लब (ELCS) के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में स्वीप योजना के अंतर्गत 2 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक स्कूलों एवं कॉलेजों में निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित कराई गईं। इसी क्रम में 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट स्थित मीटिंग हॉल में जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई।

प्रतियोगिता में शुद्ध मतदाता सूची के महत्व, मतदान के महत्व, ईवीएम एवं वीवीपैट की मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना प्रक्रिया से संबंधित 50 प्रश्न पूछे गए। इसमें कॉलेजों के कुल 75 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों को विजेता घोषित किया गया। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम से संबंधित फोटो एवं वीडियो को सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी व्यापक स्तर पर साझा किया गया, जिससे मतदाता जागरूकता अभियान का प्रचार-प्रसार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *