संदिग्ध मौत:अस्पताल में छोड़कर बाइक सवार हुए फरार

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला उस समय सामने आया, जब बाइक से आए कुछ युवक एक व्यक्ति को इटावा-कन्नौज हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू करदी।

जानकारी के अनुसार, भरथना कस्बे के मोहल्ला कृष्णा नगर स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा गया कि तीन युवक बाइक से एक व्यक्ति को लाए और उसे अस्पताल के बाहर तख्त पर लिटा दिया। कुछ देर बाद युवक वहां से चले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने देखते व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस पूछताछ में रानी नगर भरथना निवासी एक युवक ने बताया कि वह अपनी गाड़ी के लिए पास के पेट्रोल पंप से डीजल लेने आया था। उसी दौरान एक दुकान के पास यह व्यक्ति पड़ा मिला। उसके साथ मौजूद एक युवक ने बताया कि उसे हार्ट अटैक आया है फिर सीपीआर देने की कोशिश की और बाइक से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

क्षेत्र के ग्राम पालीखुर्द निवासी ऋषि यादव ने मृतक की पहचान अपने चाचा प्रदीप यादव उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि गांव भानपुर के कुछ लोगों ने उनकी जमीन किसी बहू के नाम लिखवा ली थी। बुधवार को प्रदीप यादव रुपये मांगने के लिए घर से निकले थे। परिजनों का आरोप है कि उन्हें पूरी रात अपने पास रखा गया और गुरुवार सुबह मृत अवस्था में पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया गया।

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से तहरीर देने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *