इटावा। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की जन्म जयंती के अवसर पर आज नगर के अटल चौराहे पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाते हुए 101 हेलमेट वितरित किए गए।

प्रतिमा पर पुष्पांजलि और भव्य स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा अटल जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, सीओ सिटी अभय नारायण राय, सीओ ट्रैफिक राम गोपाल शर्मा और मैनपुरी के वरिष्ठ अधिवक्ता व ब्राह्मण नेता किशन दुबे भी उपस्थित रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया और कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार प्रकट किया।

सुरक्षा के लिए की गई अनूठी पहल
मुख्य अतिथि एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने हाथों से जरूरतमंदों को हेलमेट पहनाकर वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना और हेलमेट पहनना जीवन रक्षा के लिए अनिवार्य है।

101 हेलमेट का हुआ वितरण
संगठन के इस सेवा कार्य में ट्रैफिक इंस्पेक्टर सूबेदार सिंह और थानाध्यक्ष सिविल लाइन सुनील कुमार का विशेष सहयोग रहा। उनकी देखरेख में कुल 101 हेलमेट का वितरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान संगठन के सभी प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

