उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विकसित नवीन पोर्टल को शुरू करने की सहमति प्रदान कर दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड कराया जाए।

सूचना निदेशालय के सभागार में मंगलवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली (प्रोसेस फ्लो) का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन कराने और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो देकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। पोर्टल को शुरू करने की सहमति मिलने के बाद अब पात्र मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया गया है।
लापरवाही पर सख्त रुख
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र पत्रकारों के आवेदन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराकर एक सप्ताह के अंदर उनका विवरण पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि इस संबंध में मुख्यालय को भी अवगत कराया जाए, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
