सैफई/ सुघर सिंह मेमोरियल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज सैफई में रविवार को यूपी बोर्ड परीक्षा 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट वर्ग की टॉप करने वाली छात्राओं को कॉलेज प्रशासन ने सील प्रदान कर और माला पहनाकर स्वागत किया। छात्राओं की उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा।
हाईस्कूल परीक्षा में कुमारी शुभी पुत्री रामनरेश ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कुमारी श्रद्धा पुत्री अखिलेश कुमार ने 90.5 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान पाया, जबकि कुमारी अनाया पुत्री सुरजन सिंह और कुमारी साक्षी पुत्री विजेंद्र सिंह ने 89.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट परीक्षा में भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। कुमारी सोनी पुत्री वीरपाल सिंह ने 88.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुमारी कौशिकी पुत्री गणेश सिंह ने 88.4 प्रतिशत और ईशा शर्मा पुत्री संजय कुमार ने 87.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश राजपूत एवं कार्यवाहक प्रबंधक कर्मराज यादव ने सभी मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सफलता ने विद्यालय ही नहीं, पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों व अभिभावकों ने भी छात्राओं की उपलब्धियों पर खुशी जाहिर की।
सुघर सिंह मेमोरियल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में टॉपर छात्राओं का सम्मान
