यातायात अधिकारी पर जानलेवा हमला करने वालों में पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

बकेवर,इटावा। बकेवर थाना पुलिस ने यातायात विभाग के अधिकारी को टक्कर मारने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल नेक्सॉन कार भी बरामद की है। 27 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे की है। यातायात और मालकर अधिकारी विवेक सिंह अपने आवास से प्रवर्तन कार्य यानी चेकिंग के लिए निकले थे। तभी दो कारें पीछे-पीछे आती दिखाई दीं। बताया गया कि इन वाहनों में सवार लोगों ने अधिकारी की गाड़ी पर नज़र रखते हुए इटावा-कानपुर मार्ग पर रॉन्ग साइड से टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद जब अधिकारी महेवा से बकेवर के बीच सड़क पर चेकिंग कर रहे थे, तब एक कार ने सामने से तेज रफ्तार में टक्कर मारने का प्रयास किया। गनीमत रही कि अधिकारी ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को संभाल लिया और एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद अधिकारी विवेक सिंह ने थाना बकेवर में शिकायत दर्ज कराई। उनकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रातभर सर्च अभियान चलाया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया- 27 और 28 अक्टूबर की दरमियां रात पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी उसी कार से औरैया की तरफ जाने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बकेवर पुलिस ने पूर्वी तिराहे के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरवीर यादव निवासी नगला अनूप थाना करहल जनपद मैनपुरी और महेन्द्र प्रताप उर्फ विपिन यादव निवासी लक्ष्मीराम कॉलोनी थाना फ्रेंड्स कॉलोनी जनपद इटावा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल टाटा नेक्सॉन कार बरामद की, जिसे एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात कबूल की है। गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार, दयाशंकर वर्मा, तथा कांस्टेबल पंकज, रवि, विजय कुशवाहा और सुनील कुमार की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *