ब्राह्मण समाज महासभा ने घोषित की जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

इटावा। शहर के  महेरा चुंगी चौराह स्थित शक्ति धाम में रविवार को ब्राह्मण समाज महासभा द्वारा कार्यकारिणी गठन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के चारों फ्रंट के जिला अध्यक्षों सहित उनकी 21-21 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसके साथ ही जनपद के आठ ब्लॉकों के ब्लॉक अध्यक्ष एवं उनकी 21-21 सदस्यीय कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक सतीश चंद दीक्षित  ने की। मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अरुण दुबे मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरुण दुबे ने कहा कि ब्राह्मण समाज महासभा ने करीब पांच वर्ष पूर्व जनपद में अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ने के संकल्प के साथ अपनी शुरुआत की थी। इन पांच वर्षों में संगठन द्वारा धरातल पर सैकड़ों मामलों में संघर्ष किया गया और समाज के बीच संगठन के प्रति विश्वास पैदा करने में सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि संगठन की शुरुआत महज पांच लोगों से हुई थी, जबकि आज 255 लोग संगठन के विभिन्न दायित्वों को संभाल रहे हैं। उन्होंने इसका श्रेय संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन सामाजिक हितों एवं अन्याय के विरुद्ध लड़ाई को और अधिक मजबूती तथा तीव्रता से आगे बढ़ाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने जिला संगठन की कमान पंकज चौधरी को सौंपी। वहीं शिवम दुबे को युवा जिला अध्यक्ष, मंजू पांडे को महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तथा आकाश तिवारी को व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

ब्लॉक अध्यक्षों में जसवंतनगर से लव पांडे, बसरेहर से अंशु तिवारी, सैफई से आकाश दुबे, ताखा से रोहित तिवारी, भरथना से अभिषेक दीक्षित, महेवा से मनु दुबे, चकरनगर से राजू त्रिपाठी तथा बढ़पुरा से विकास चौबे को मनोनीत किया गया। वहीं इकदिल नगर पंचायत की जिम्मेदारी शिवम चौधरी को सौंपी गई।

समारोह में करीब 400 ब्राह्मण समाज के लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा समाज के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *