इटावा। अपराधियों के खिलाफ साहसिक कार्रवाई और उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए इटावा एसओजी प्रभारी बेचन सिंह को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने शौर्य सम्मान से सम्मानित किया। उनके साथ एसओजी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इटावा में डॉक्टर के साथ हुई चेन स्नैचिंग की घटना का सफल खुलासा करते हुए एसओजी टीम ने अपराधियों की धरपकड़ के दौरान मुठभेड़ में भी साहस का परिचय दिया था। कार्रवाई के दौरान टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपराधियों का सामना करते हुए उन्हें पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बेचन सिंह के नेतृत्व में इटावा एसओजी द्वारा पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। उनके उत्कृष्ट कार्य और बहादुरी को देखते हुए डीजीपी द्वारा शौर्य सम्मान दिए जाने से इटावा पुलिस महकमे में खुशी की लहर है।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसओजी प्रभारी बेचन सिंह को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
