इटावा। बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ने को देखते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला उपाध्यक्ष शरद बाजपेयी ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा को पत्र सौंपकर नगर के सभी 40 वार्डों में तत्काल फागिंग शुरू कराने की मांग की है।
शरद बाजपेयी ने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे नगरवासी परेशान हैं और मच्छरजनित एवं संचारी रोगों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने नगर पालिका से नियमित रूप से फागिंग कराकर मच्छरों के प्रकोप पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।
उन्होंने कहा कि मच्छरों की समस्या हर वर्ष सामने आती है, लेकिन नगर पालिका द्वारा समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रत्येक बार पत्र देकर फागिंग शुरू कराने की मांग करनी पड़ती है, जिसके बाद नगर पालिका सक्रिय होती है।
भाजपा नेता ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि इटावा नगर के सभी 40 वार्डों में तत्काल प्रभाव से फागिंग अभियान शुरू कराया जाए, ताकि मच्छरों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाई जा सके और नगरवासियों को संचारी रोगों के खतरे से बचाया जा सके।
