नवरात्रि के प्रथम दिन कालीवाहन मंदिर पहुंचे एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

इटावा। नवरात्रि पर्व के प्रथम दिन जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने कालीवाहन मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परखी।

एसएसपी ने शास्त्री चौराहा से नौरंगाबाद चौराहा, पचराहा, सर्राफा मार्केट और मेन मार्केट सहित प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने, नियमित पैदल गश्त करने और बाजारों में प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखने पर जोर दिया।

 

पैदल गश्त के दौरान एसएसपी ने व्यापारियों और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि इटावा पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।

इस दौरान एसपी सिटी बबीता सिंह, सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी यशवंत सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *