मैनपुरी फाटक अंडरपास में बने गड्ढे ,अंधकार और जलभराव से राहगीर परेशान, हादसे का खतरा

इटावा। कई दिनों से हो रही बारिश के चलते शहर के मैनपुरी फाटक अंडरपास की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इसके साथ ही अंडरपास के अंदर रात के समय पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था न होने से राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई है। अंधेरे में सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण मोटरसाइकिल सवारों के अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है।

अंडरपास से शांति कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क के ज्वाइंट पर भी गहरा गड्ढा हो गया है, जिसमें बारिश का पानी भर जाता है। ऐसे में जब बड़े और छोटे वाहन एक साथ अगल-बगल से गुजरते हैं तो बड़े वाहनों के पहियों से उछलकर जलभराव का गंदा पानी छोटे वाहनों से गुजर रहे लोगों पर पड़ता है। इससे राहगीरों के कपड़े खराब होने के साथ कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।

इस मार्ग से स्कूली बच्चों के अलावा बड़ी संख्या में कर्मचारी और अन्य लोग रोजाना आवागमन करते हैं। जलभराव और गड्ढों के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों ने प्रशासन से अंडरपास की सड़क के गड्ढों को दुरुस्त कराने, जलभराव की समस्या का समाधान कराने तथा रात में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के दौरान हादसे की आशंका बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *