हिंदी दिवस पर पान कुंवर विद्यालय में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, 163 छात्र-छात्राओं को मिले प्रशस्ति पत्र एवं मेडल

इटावा। हिंदी दिवस के अवसर पर पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल, मानिकपुर मोड़, ग्वालियर बाईपास, इटावा में विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

हिंदी दिवस के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए हिंदी निबंध लेखन, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके साथ ही पूर्व में आयोजित रंगोली, मेहंदी, साइंस क्विज, स्काउट एंड गाइड तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह के दौरान लगभग 163 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह एवं आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है। विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का साहस करते हैं, वही अपनी प्रतिभा को पहचानते हैं और सफलता के शिखर तक पहुंचते हैं।

प्रधानाचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभाशीष एवं बधाइयां दीं। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उन्होंने शिक्षिका संगीता मलिक, ज्योति यादव, आरती, आशीष एवं रजत भदौरिया के प्रयासों की विशेष रूप से प्रशंसा की।

समारोह ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा प्रतियोगी भावना को और अधिक मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *