सैफई में अखिलेश यादव ने किया मतदान, भाजपा पर साधा निशाना; चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सैफई में आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े किए।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “जिनके पास डिग्री नहीं, वे लोग वोट डालने नहीं आए होंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि कई जिलों से ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं, जहां समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को मतदान करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, मतदान के लिए जाने वाले सपा समर्थकों के सामने भाजपा के लोग और कथित भ्रष्ट अधिकारी खड़े किए जा रहे हैं।

चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग नींद की गोली लेकर नहीं सो रहा होगा।” उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए।

भाजपा पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को वोट चोरी के लिए यूनिवर्सिटी खोल देनी चाहिए। उनके इस बयान के बाद एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *