इटावा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को युवा एकता मिशन द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में ड्राइंग प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेवन हिल्स इंटर कॉलेज के प्रांगण में हुआ, जिसमें लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान सेवन हिल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सौरभ दुबे ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसमें कक्षा आठ की आध्या राजपूत ने प्रथम, लवली कुमारी ने द्वितीय तथा दिगांगना सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ दुबे, कोऑर्डिनेटर नूरी रिजवी, अंजली यादव एवं शिक्षक राघवेंद्र यादव सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर रेडियो डमरू एफएम रहा। आयोजन के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, रचनात्मकता और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
