विकसित भारत युवा संवाद में पैरा एथलीट अजीत सिंह यादव सम्मानित, दिल्ली के उपराज्यपाल ने प्रदान किया स्मृति चिह्न

नई दिल्ली। श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC), दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट अजीत सिंह यादव को दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उनकी खेल उपलब्धियों, संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा और देश के प्रति योगदान की सराहना की गई।

गौरतलब है कि जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स 2026 में अजीत सिंह यादव ने पुरुषों की भाला फेंक F46 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया। इससे पहले उन्होंने पेरिस पैरालंपिक 2024 में भी इसी स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले अजीत सिंह यादव की उपलब्धियां मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल के प्रति समर्पण का उदाहरण हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने युवाओं से संवाद करते हुए उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों, सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। संवाद का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना, उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित करना रहा।

अजीत सिंह यादव को सम्मानित किया जाना उनकी अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों और देश के लिए योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है। विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी पहचान बनाने वाले अजीत सिंह यादव आज अनेक युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास से चुनौतियों का सामना कर सफलता हासिल की जा सकती है।

श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं के सशक्तीकरण, प्रतिभाओं के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *