एनसीसी एडवांस्ड लीडरशिप कैंप का ग्रुप कमांडर ने किया निरीक्षण, कैडेट्स को अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का दिया संदेश

इटावा। 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, इटावा में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप का आज आगरा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव (युद्ध सेवा मेडल) ने निरीक्षण किया।

कैंप में पहुंचने पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश एवं सूबेदार मेजर ने उनका स्वागत एवं अगवानी की।
एमनीव विज़न स्कूल में आयोजित इस एडवांस्ड लीडरशिप कैंप में कैडेट्स को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही, भारतीय सेना में अधिकारी बनने के अवसरों, आवश्यक योग्यताओं एवं एसएसबी (SSB) चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है एवं इस एडवांस्ड लीडरशिप कैंप में उच्च योग्यताधारी एवं अनुभवी प्रशिक्षक उपस्थित हैं, जो इस कैंप में भाग लेने वाले कैडेटों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव ने कैंप में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कैंप की व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स देश का भविष्य हैं और अनुशासन, समर्पण एवं कठिन परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी पहचान हैं।

कैम्प में प्रशिक्षण को देखकर ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव ने कहा कि एडवांस्ड लीडरशिप कैंप का उद्देश्य कैडेट्स को भारतीय सेना में अधिकारी बनने के अवसरों और चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना भी है। उन्होंने सेना में अधिकारी बनने के लिए आवश्यक योग्यताओं, एसएसबी चयन प्रक्रिया तथा नेतृत्व कौशल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और कठिन परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं निरंतर प्रयास ही सफलता की आधारशिला हैं। कैडेट्स को कैंप में दी जा रही प्रत्येक प्रशिक्षण गतिविधि को गंभीरता एवं लगन के साथ सीखना चाहिए, क्योंकि ये अनुभव उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके उपरांत ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव ने कैंप के प्रशिक्षण क्षेत्र एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा कैंप की व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर उन्होंने यह भी बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक, एनसीसी मुख्यालय, लखनऊ, मेजर जनरल गौरव गौतम (विशिष्ट सेवा मेडल) का आगामी समय में कैंप के निरीक्षण हेतु आगमन प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *